
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन करने जा रही है। इस कड़ी में पौड़ी जिले में सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए 7 सितंबर को भाजपा जिला कार्यालय,पौड़ी में जिला कार्यशाला आयोजित की जाएगी। भाजपा पौड़ी के जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने बताया कि इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में दायित्वधारी राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आगामी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों के अंतर्गत पार्टी द्वारा रक्तदान शिविर,स्वास्थ्य शिविर,पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता अभियान,वृक्षारोपण सहित अनेक जनहितकारी गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। कमल किशोर रावत ने कहा कि कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य,मोर्चा पदाधिकारी,प्रकोष्ठ संयोजक एवं सहसंयोजक,विधायक,विधानसभा प्रत्याशी,दायित्वधारी तथा नगर पालिका,नगर पंचायत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त ब्लॉक प्रमुख,जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष,महामंत्री,जिला व मंडल स्तर की अभियान समितियाँ भी उपस्थित रहेंगी। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने मंडलों के सभी अपेक्षित पदाधिकारियों को समय से सूचित करें ताकि कार्यशाला में अधिकतम संख्या में कार्यकर्ता शामिल हो सकें। जिला अध्यक्ष ने कहा कि यदि संगठनात्मक रूप से तैयारी मजबूत होगी तो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित सेवा पखवाड़ा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जा सकेगा। जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट ने बताया कि भाजपा की यह पहल न केवल संगठन को मजबूती प्रदान करेगी बल्कि समाज में पार्टी की छवि को सेवा भाव से जोड़कर जनहित में सकारात्मक संदेश भी देगी।