हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जनपद पौड़ी में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ जिला चिकित्सालय पौड़ी से किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने अभियान का उद्घाटन करते हुए प्रथम दिन 7 बालिकाओं को टीका लगवाकर कार्यक्रम की शुरुआत कराई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शुक्ला ने जानकारी दी कि यह विशेष अभियान आगामी 90 दिनों तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 4452 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है और पूर्णतः सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यह टीका निजी चिकित्सा संस्थानों में ही उपलब्ध था,जिससे आमजन को आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था। किंतु अब केंद्र सरकार द्वारा इसे सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है,जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं इस सुरक्षा कवच का लाभ उठा सकेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारी की है। जनपद की सभी सीएचसी,पीएचसी सहित बेस जिला चिकित्सालय कोटद्वार,जिला चिकित्सालय पौड़ी,उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर एवं बेस चिकित्सालय श्रीनगर सहित कुल 30 चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को नजदीकी सरकारी चिकित्सा इकाई में ले जाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं,ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनय कुमार त्यागी,जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.अमित मेहरा,प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पीएचसी परसूंडाखाल डॉ.अलीशा,एएनएम विधि भण्डारी,सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि किशोरावस्था में दिया गया एचपीवी टीका भविष्य में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के खतरे से काफी हद तक बचाने में सहायक सिद्ध होता है। जनपद पौड़ी में प्रारंभ हुआ यह अभियान महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त और दूरगामी कदम माना जा रहा है।