

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
खिर्सू/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने आज खिर्सू विकासखंड अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र धारखोला के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह उप स्वास्थ्य केंद्र 55.50 रुपए लाख की लागत से निर्मित किया जाएगा,जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने ही गांव के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह उप स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल,रोग निवारण,तथा प्रारंभिक उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यदि किसी ग्रामीण व्यक्ति को समय रहते प्राथमिक उपचार मिल जाता है,तो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और वह शीघ्र स्वस्थ हो जाता है। वहीं यदि किसी प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्या सामने आती है,तो मरीज को नजदीकी अस्पताल में उच्च स्तरीय उपचार की सुविधा भी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र में ही सुरक्षित,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों। डॉ.रावत ने बताया कि इस उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। आमजन को नियमित जांच,टीकाकरण,प्रसव पूर्व एवं पश्चात देखभाल जैसी सुविधाएं सुलभ होंगी। सरकार प्रदेशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में और भी नई स्वास्थ्य योजनाओं एवं केंद्रों के माध्यम से जनता को राहत दी जाएगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष संपत रावत,ब्लाक प्रमुख खिर्सू अनिल भण्डारी,मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,जेष्ठ प्रमुख नीतिन रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि,पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए सरकार के इस प्रयास की सराहना की।