
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत माता के प्रति बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणियों के खिलाफ श्रीनगर मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गोला बाजार में कांग्रेस और राजद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और दोनों दलों से प्रधानमंत्री व उनकी दिवंगत माता से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने कहा कि कांग्रेस और राजद नेताओं द्वारा इस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग करना न केवल राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ना है,बल्कि महिलाओं के प्रति उनकी संकीर्ण मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने कहा कि मोदी भले ही इस पर मौन रह जाएं,लेकिन बिहार और देश की जनता इस अपमान को कभी नहीं भूलेगी। यही कारण है कि कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां लगातार रसातल की ओर जा रही हैं। भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर जोशी ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति और मतभेद स्वाभाविक हैं,लेकिन किसी नेता की माता-पिता पर अपमानजनक टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति और मर्यादा का खुला अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस और राजद माफी नहीं मांगते तो प्रदेशभर में और भी उग्र आंदोलन होंगे। इस अवसर पर व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल,महामंत्री दिनेश पटवाल,पंकज सती,कुशलानाथ,शुभम प्रभाकर,दिनेश उनियाल,प्रमिला भंडारी,रेनू सुंद्रियाल, आशीष उनियाल,संजय वाल्मीकि,पंकज रावत,राहुल राणा,नेत्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कहा कि प्रधानमंत्री की माता पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना पूरे देश का अपमान है और जनता आगामी चुनावों में इसका करारा जवाब देगी।