
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पौड़ी जनपद की नयार घाटी आगामी फरवरी माह में रोमांच,साहस और उत्साह का नया केंद्र बनने जा रही है। साहसिक खेलों को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से सतपुली क्षेत्र के बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के दौरान पैराग्लाइडिंग,क्याकिंग,साइक्लिंग और एंग्लिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों से पूरी नयार घाटी जीवंत हो उठेगी। इस साहसिक खेल महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन,पर्यटन विभाग एवं मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। हाल ही में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में पर्यटन विभाग द्वारा बिलखेत क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल किया गया था। ट्रायल की सफलता के बाद अब तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के अंतर्गत लैंसडाउन,खिर्सू एवं बिलखेत क्षेत्रों में साइक्लिंग रैली का आयोजन किया जाएगा। वहीं ढ़ाढूखाल से बिलखेत तक पैराग्लाइडिंग कराई जाएगी,जिसमें प्रतिभागियों को रोमांच के साथ-साथ नयार घाटी के मनोरम प्राकृतिक दृश्यों का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त नयार नदी में क्याकिंग एवं एंग्लिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी,जिससे जल आधारित साहसिक खेलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इन प्रतियोगिताओं में देश के विभिन्न राज्यों से अनुभवी क्याकर्स,एंग्लर्स,पैराग्लाइडर एवं साइक्लिस्ट भाग लेंगे। फेस्टिवल के दौरान बिलखेत में स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। गढ़वाली लोकगीत,लोकनृत्य एवं पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी और उन्हें क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के साहसिक खेल महोत्सव से न केवल नयार घाटी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी,बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों एवं खिलाड़ियों के आगमन से स्थानीय होटल व्यवसाय,होमस्टे,परिवहन,हस्तशिल्प एवं स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा,जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि साहसिक खेलों में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण की समुचित व्यवस्था की जाएगी,ताकि आयोजन को सुरक्षित,व्यवस्थित एवं सफल रूप से संपन्न कराया जा सके।