
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय गहड़ में आज एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के सौजन्य से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल ड्रेस वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और बच्चों के चेहरों पर नई ड्रेस पाकर विशेष खुशी झलक रही थी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नई ड्रेस मिलने से बच्चों में न केवल विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ता है बल्कि उनमें आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति उत्साह भी जागृत होता है। इस अवसर पर पूर्व दायित्वधारी राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत सदैव शिक्षा,स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए सक्रिय रहते हैं। उनका उद्देश्य है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा बेहतर शिक्षा प्राप्त करे और किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा के अभाव में उसकी पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के साथ-साथ उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में वार्ड नंबर 3, बूथ संख्या 159 गहड़ गांव में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन मंडल अध्यक्ष की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए,ताकि समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरणादायी संदेशों से जोड़कर सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को सोशल मीडिया,जनसंपर्क और अन्य माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाया जाएगा,जिससे लोगों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिल सके। कार्यक्रम में पूर्व दायित्वधारी राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी,खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,मंडल मीडिया प्रभारी प्रकाश सती,पूर्व प्रधान उत्तम सिंह चौहान,बूथ अध्यक्ष आर.एस.चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि,कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण पूरे समय उत्साहपूर्ण और सकारात्मक बना रहा। उपस्थित सभी लोगों ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।