
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र पर कोटद्वार को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल मील का पत्थर साबित होता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कोटद्वार में आयोजित इस भव्य फेस्टिवल में प्रतिभाग करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन इको-टूरिज्म,पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का 21 वां दशक होगा,जिसमें प्रकृति संरक्षण,पर्यटन और महिलाओं की भागीदारी सबसे अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल कोटद्वार को बर्ड-टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। दिव्यांग बच्चों से संवाद और सिद्धबली में पूजा-अर्चना कोटद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दिव्यांग बालक-बालिकाओं से मुलाकात कर उनकी शिक्षा और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने सिद्धबली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सनेह क्षेत्र में आयोजित बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज कोटद्वार की छात्राओं द्वारा गढ़वाली लोकभाषा में प्रस्तुत स्वागत गीत तथा हेरिटेज स्कूल के नन्हे बच्चों की पक्षी एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। 326 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। 21 योजनाओं का शिलान्यास अनुमानित लागत 8,172.78 लाख रुपये 40 योजनाओं का लोकार्पण अनुमानित लागत 24,439.55 लाख रुपये,इस प्रकार कुल 32,612.33 लाख रुपये की योजनाओं से क्षेत्र को विकास की नई गति मिली। मुख्यमंत्री ने फेस्टिवल परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया,जिनमें पक्षी फोटो प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद गुणवत्ता में बहुराष्ट्रीय कंपनियों से भी बेहतर हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में बस टर्मिनल,आयुष चिकित्सालय,खोह नदी को प्रदूषण मुक्त करने हेतु एसटीपी,मालन नदी पर 26 करोड़ से अधिक की लागत से पुल,कोटद्वार-नजीबाबाद फोर लेन जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं हल्दूखाता में नगरीय पेयजल योजना की जीर्ण-शीर्ण पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण
राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में कक्षा-कक्ष,पुस्तकालय,विज्ञान एवं कंप्यूटर कक्ष तथा चहारदीवारी जीतपुर गांव में बाढ़ सुरक्षा कार्य,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झंडीचौड़ में 108 एंबुलेंस सेवा,राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में चहारदीवारी निर्माण पक्षी संरक्षण से जुड़ा भावनात्मक संदेश मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक पक्षी प्रजातियां विलुप्ति की कगार पर हैं,जिनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुरखाब पक्षी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दुर्लभ पक्षी उत्तराखंड की जैव विविधता की पहचान है। उन्होंने कहा कि पक्षी बीज प्रसार,पारिस्थितिकी संतुलन और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार द्वारा ड्रोन पायलट,इको-टूरिज्म,वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा कालागढ़ में घायल पशु-पक्षियों के उपचार की विशेष व्यवस्था की गई है। बर्ड फेस्टिवल दिवस घोषित हो विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण ने कहा कि उत्तराखंड में पाई जाने वाली लगभग 700 पक्षी प्रजातियों में से करीब 400 प्रजातियां कोटद्वार क्षेत्र में पाई जाती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि 31 जनवरी को बर्ड फेस्टिवल दिवस के रूप में राज्य के वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया जाए। डीएम का भावनात्मक संबोधन जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि प्रकृति,जैव विविधता और जीवन के प्रति संवेदनशीलता का उत्सव है। उन्होंने कहा जब हम किसी पक्षी को खुले आकाश में उड़ते देखते हैं,तब स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ समझ में आता है। स्वतंत्रता केवल मनुष्य की नहीं,बल्कि सम्पूर्ण प्रकृति की मूल भावना है। 2500 से अधिक लोगों की सहभागिता,फेस्टिवल के पहले दिन 2500 से अधिक लोगों ने सहभागिता की,जिनमें 300 छात्र-छात्राएं,800 युवा,400 महिलाएं,100 बर्ड वॉचर,900 से अधिक आम नागरिक शामिल रहे,मैराथन,पेंटिंग,क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अंतिम दिन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। गरिमामय उपस्थिति कार्यक्रम का संचालन डॉ.पद्मेश बुड़ाकोटी ने किया। इस अवसर पर विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप सिंह रावत,उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग अध्यक्ष पं.राजेन्द्र अणथ्वाल,जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला,मेयर शैलेंद्र सिंह रावत,एसएसपी सर्वेश पंवार,सीडीओ गिरीश गुणवंत,डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि,अधिकारी, बर्ड वॉचर और नागरिक उपस्थित रहे।