बांसुरी स्वराज का चुनावी शंखनाद-2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने को अभी से जुटें कार्यकर्ता,सत्ता जनकल्याण का माध्यम है,लोभ-लालच का नहीं

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक सक्रियता तेज करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में भाजपा

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक सक्रियता तेज करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में भाजपा जिला पौड़ी की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक श्रीनगर मंडल स्थित अदिति पैलेस में प्रदेश सह-प्रभारी एवं मुख्य वक्ता बांसुरी स्वराज की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति,संगठन की मजबूती,कार्यकर्ताओं की भूमिका और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। बैठक का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत के स्वागत संबोधन से हुआ। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गणेश भट्ट ने किया। मुख्य वक्ता बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए सवाल उठाया कि आखिर आम मतदाता भाजपा को तीसरी बार सत्ता में क्यों लाना चाहेगा और इसके लिए पार्टी को जनता के बीच किस तरह कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता केवल संगठनात्मक बैठकों से नहीं,बल्कि जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने,उनकी समस्याओं को समझने और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने से मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक जनसंपर्क मजबूत करने तथा जनता के बीच पार्टी की विश्वसनीयता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव की तैयारी अंतिम समय में नहीं,बल्कि अभी से योजनाबद्ध तरीके से करनी होगी। बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के लिए सत्ता जनकल्याण का माध्यम है,न कि लोभ-लालच का। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का ध्यान रखने की नसीहत देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का प्रहरी बने। किसी भी पदाधिकारी को पद का अहंकार नहीं करना चाहिए। हम सभी कार्यकर्ता हैं और एक ध्वज के नीचे मिलकर काम करना ही हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि संगठन में सामूहिकता,समर्पण और अनुशासन की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कसनी होगी। बांसुरी स्वराज ने उत्तराखंड के साथ अपने पारिवारिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने उनकी माता स्व.सुषमा स्वराज को यहां से सांसद बनाकर संसद भेजा था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रति अपने जुड़ाव और दायित्व को निभाना चाहती हैं तथा प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने की कामना करती हैं। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अभद्र भाषा पर भी अफसोस जताया। बांसुरी स्वराज ने बताया कि अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता,जनसंपर्क तथा संगठनात्मक प्रभाव को समझने का प्रयास कर रही हैं। इसका उद्देश्य संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाना है। बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने,जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने और सरकार के कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। श्रीनगर पहुंचने से पूर्व बांसुरी स्वराज का पराग डेयरी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पार्षद पंकज सती की टीम ने स्वागत किया। इसके बाद पौड़ी बस स्टेशन पर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और पार्षदों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मां धारी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत,जिला प्रभारी नलिन भट्ट,जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,जिला सह-प्रभारी रविंद्र राणा,पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी,संपत सिंह रावत,सुषमा रावत,बबीता रावत,जिला महामंत्री महिपाल नेगी एवं गणेश भट्ट,गिरीश पैन्यूली,महापौर आरती भंडारी,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी,गणेश राठी,नरेंद्र टमटा,मुकेश कोहली,सुयश रावत,वासुदेव कंडारी,डॉ.के.के.गुप्ता,संजय जैन,अनुप पांथरी,प्रदीप मल सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में जिला प्रभारी नलिन भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...