
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती के पावन अवसर पर इस वर्ष कीर्तिनगर क्षेत्र में एक बार फिर जागरूकता,संस्कार और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। अम्बेडकर चेतना समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इस बार भी पूर्व वर्षों की भांति बाल केन्द्रित स्वरूप में आयोजित किया जाएगा,जिसमें क्षेत्र के स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समिति के अध्यक्ष मंगत मठियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को आकर्षक,प्रेरणादायी और समाज के लिए उपयोगी बनाया जाएगा।कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,लोक नृत्य,प्रेरणादायी भाषण,स्वागत गीत सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा,जो न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेंगी बल्कि युवा पीढ़ी को बाबा साहेब के विचारों से भी जोड़ेंगी। कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित अतिथियों द्वारा डॉ.भीमराव अम्बेडकर के जीवन,संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक न्याय,समानता एवं शिक्षा के संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा। यह आयोजन नई पीढ़ी को संविधान के मूल्यों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा। समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्व वर्षों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिता,निबंध प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम,जो एक सप्ताह तक चलते थे,इस बार एक दिवसीय आयोजन के रूप में 14 अप्रैल को ही संपन्न किए जाएंगे। हालांकि भविष्य की रूपरेखा को और अधिक व्यापक बनाते हुए समिति ने यह भी निर्णय लिया है कि आने वाले समय में वर्ष भर विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिससे सामाजिक जागरूकता का यह अभियान निरंतर जारी रह सके। बैठक में समिति के अध्यक्ष मंगत मठियाल के साथ संजय प्रकाश टम्टा,वर्धन,सोहन कोहली,दीपक उमरियाल,सुरजीत लिंगवाल,नरेन्द्र कुमार,रमेश घटोला,दीपक कुमार सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। यह आयोजन निश्चित रूप से क्षेत्र में सामाजिक समरसता,शिक्षा और जागरूकता की नई अलख जगाने का कार्य करेगा,वहीं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच भी प्रदान करेगा।