
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। बेस अस्पताल श्रीनगर में कार्यरत डॉक्टरों,नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए रविवार का दिन एक ऐतिहासिक और राहत भरा रहा,जब अस्पताल परिसर में क्रेच (शिशु देखभाल केंद्र) का विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्रीय प्रयोगशाला भवन के ऊपर स्थापित इस आधुनिक क्रेच केंद्र का उद्घाटन माननीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सुविधा अस्पताल में कार्यरत कामकाजी माता-पिता,विशेषकर महिला कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इससे न केवल बच्चों की सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित होगी,बल्कि महिलाओं की कार्यस्थल पर सहभागिता और आत्मविश्वास भी और मजबूत होगा। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि आज के समय में कामकाजी माता-पिता को अपने छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल परिसर के भीतर ही क्रेच की सुविधा उपलब्ध होना एक दूरदर्शी और संवेदनशील पहल है। इससे कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन निश्चिंत मन से कर सकेंगे,जिसका सीधा प्रभाव स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा। बेस अस्पताल के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रेच केंद्र का संचालन प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जाएगा। इसमें अस्पताल में कार्यरत सभी कर्मचारी अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षित रूप से रख सकेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों की देखभाल के लिए केंद्र में प्रशिक्षित नर्सिंग अधिकारी,आया एवं अटेंडेंट की तैनाती की गई है,जिससे बच्चों की सुरक्षा एवं देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। क्रेच केंद्र को बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किया गया है। यहां बच्चों के लिए खेल-कूद,मनोरंजन एवं सीखने से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई गई है,ताकि वे सुरक्षित और आनंददायक वातावरण में समय बिता सकें। क्रेच का संचालन चिकित्सा अधीक्षक की प्रत्यक्ष निगरानी में किया जाएगा,जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,भाजपा नेता वासुदेव कंडारी सहित अस्पताल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी,कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस सुविधा को अस्पताल कर्मचारियों के हित में एक सराहनीय,आवश्यक और समयानुकूल कदम बताया।