
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल अंचल के हृदय रोगियों के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर लगातार संजीवनी साबित हो रहा है। बुधवार को अस्पताल परिसर में आयोजित कार्डियोलॉजी ओपीडी में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.संदीप मालविया ने दूर-दराज से पहुंचे मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस विशेष ओपीडी के दौरान कुल 45 मरीजों की जांच की गई,जिनमें उच्च रक्तचाप,सीने में दर्द,धड़कन की अनियमितता,सांस फूलना एवं अन्य हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीज शामिल रहे। डॉ.मालविया ने मरीजों की रिपोर्ट्स का सूक्ष्म अध्ययन कर व्यक्तिगत उपचार योजना सुझाई। जांच के दौरान चार मरीजों की स्थिति गंभीर पाए जाने पर उन्हें दून कोरोनेशन अस्पताल,देहरादून में उन्नत जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया गया। इसके अतिरिक्त,बेस अस्पताल में पहले से भर्ती पांच हृदय रोगियों की भी समीक्षा की गई और उनके उपचार में आवश्यक बदलाव किए गए। ओपीडी के अंतर्गत 22 मरीजों की इकोकार्डियोग्राफी (ईको) जांच भी की गई,जिससे हृदय की पंपिंग क्षमता,वाल्व की स्थिति एवं अन्य आंतरिक संरचनाओं का विस्तृत आकलन संभव हो सका। डॉ.संदीप मालविया ने मरीजों को हृदय रोग से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच,संतुलित आहार,दैनिक व्यायाम,तनाव से दूरी और समय पर दवा सेवन को जीवनशैली में अपनाने की सलाह दी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि नियमित रूप से आयोजित की जा रही इस तरह की विशेषज्ञ ओपीडी सेवाओं से क्षेत्र के मरीजों को अत्यधिक लाभ मिल रहा है। अब गंभीर बीमारियों के लिए मरीजों को हर बार बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा,जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों में राहत मिल रही है। स्थानीय नागरिकों एवं मरीजों ने बेस अस्पताल प्रशासन,चिकित्सकीय टीम एवं डॉ.संदीप मालविया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल गढ़वाल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।