
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। समाज में स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से आज भागीरथी कला संगम के सदस्यों द्वारा श्रीनगर स्थित गंगा दर्शन पार्क में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। गर्मी का मौसम शुरू होते ही आसपास गंदगी बढ़ने की आशंका को देखते हुए संस्था के सदस्यों ने सुबह से ही सफाई अभियान की शुरुआत कर दी। सुबह लगभग छह बजे प्रारम्भ हुए इस अभियान में संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पार्क परिसर में फैली गंदगी को देखकर सभी सदस्य हैरान रह गए। जगह-जगह प्लास्टिक की बोतलें,पॉलिथीन की थैलियां,शराब की खाली बोतलें तथा अन्य कूड़ा-कचरा बड़ी मात्रा में फैला हुआ था। संस्था के सदस्यों ने मिलकर पूरे क्षेत्र की सफाई की और एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण भी किया। संस्था के निर्देशक मदन गड़ोई ने कहा कि गर्मियों के मौसम में गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में समाज को जागरूक करना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करती रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम सभी अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लें तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और समाज स्वस्थ एवं सुंदर बन सकता है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल ने भी सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देता है और युवाओं को भी सामाजिक कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। स्वच्छता अभियान में संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,संरक्षक रमेश थपलियाल,सचिव पदमेंद्र रावत,भगत सिंह बिष्ट,हरेंद्र तोमर,निर्देशक मदन गड़ोई सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।