अदिति पैलेस में जुटे भाजपाई दिग्गज,संघर्ष,समर्पण और सादगी को किया नमन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ भाजपा नेता,पूर्व प्रमुख थलीसैंण एवं पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक पौड़ी गढ़वाल नरेंद्र सिंह रावत कुट्टी भाई को बुधवार को आदिति पैलेस में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा परिवार ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन,संगठनात्मक योगदान और सामाजिक सेवाओं को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भण्डारी,जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,डॉ.बी.पी.नैथानी,प्रेमलाल पांडे,सुषमा रावत,शुभम प्रभाकर,दिनेश असवाल,दिनेश पटवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता,कार्यकर्ता एवं सामाजिक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि कुट्टी भाई का हल चलाने से लेकर राजनीतिक और सामाजिक जीवन तक का सफर ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने अपने जीवन में सादगी,ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखा। वे केवल एक राजनेता नहीं बल्कि आम कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह रावत ने जमीनी स्तर से संगठन को मजबूत किया और सहकारिता,ग्रामीण विकास व समाजसेवा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी। वक्ताओं ने कहा कि कुट्टी भाई का जीवन भाजपा के उस संस्कार को दर्शाता है,जिसमें परिश्रम,त्याग और निष्ठा के बल पर व्यक्ति जननेता बनता है। उनका जीवन युवाओं के लिए यह संदेश देता है कि राजनीति सेवा का माध्यम है,न कि सत्ता का। भावुक हुआ माहौल श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई कार्यकर्ता भावुक हो उठे। उपस्थित जनों ने उनके सरल स्वभाव,संगठन के प्रति निष्ठा और हर कार्यकर्ता के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने की यादें साझा की। सभा के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।