
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
नई दिल्ली/देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनोद कंडारी ने आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से पार्टी के केंद्रीय कार्यालय नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई,जिसमें संगठनात्मक अनुभवों,कार्यकर्ता संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प पर सकारात्मक संवाद हुआ। विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि उन्हें पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का सहयोगी भाव,संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव उनकी कार्यशैली की विशिष्ट पहचान है,जो प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा देती है। विनोद कंडारी ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के मार्गदर्शन में देशभर के करोड़ों कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरी निष्ठा,समर्पण और मनोयोग के साथ साकार करने हेतु कृतसंकल्प हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण,सामाजिक समरसता और अंत्योदय के विचार को लेकर प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन इस संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करता है। भेंट के दौरान उत्तराखंड के समग्र विकास,संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित किया। विधायक विनोद कंडारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन एवं स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भेंट उन्हें संगठन और जनता के लिए और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने की प्रेरणा देती है।