
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा जिला कार्यालय पौड़ी में रविवार को जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त जिला महामंत्री गणेश भट्ट सहित अन्य जिला पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल रहे। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन की आत्मा है और भाजपा कार्यकर्ता सेवा,स्वच्छता व समाजहित के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने सेवा पखवाड़ा को एक जन आंदोलन के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया। जिला मीडिया प्रभारी ने बताया कि 11 से 13 सितंबर तक मंडल कार्यशालाएं आयोजित होंगी। वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान समाज सेवा,स्वच्छता,स्वास्थ्य और जन-जागरूकता कार्यक्रम होंगे। कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक सांसद खेल-कूद प्रतियोगिताएं होंगी। क्रिकेट,फुटबॉल,एथलेटिक्स,वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेलों का आयोजन होगा। भाजपा सांसद अनिल बलूनी इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप देंगे। सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए जिला भाजपा ने विभिन्न मंडलों के प्रभारी घोषित किए-पौड़ी नगर गिरीश पैन्यूली,पौड़ी ग्रामीण-पूर्णिमा नेगी,कोट-रमेश मंद्रवाल,कल्जीखाल-प्रहलाद रावत,अगरोड़ा-विवेक ममगांई,श्रीनगर-कुलदीप बिष्ट,खिर्सू-मधु खुगशाल,पाबौं-मनीष ममगांई,पैठाणी-डॉ.रजनी रावत,थलीसैंण-मैत्री प्रकाश,एकेश्वर-बृजमोहन सिंह,पोखड़ा-राजेश कंडारी,बीरोंखाल-सुरेंद्र सिंह नेगी,सतपुली-सुधीर जोशी। कार्यशाला में यह तय किया गया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाजहित के कार्यों में जुटेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा-स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच पहुंचेंगे।