
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकास खण्ड कल्जीखाल की पट्टी मनियारस्यूं अंतर्गत ग्राम पंचायत घंडियाल में रविवार को स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत एक ऐतिहासिक पहल हुई। इस अवसर पर पट्टी मनियारस्यूं वरिष्ठ नागरिक मंच का गठन किया गया। आयोजन की अध्यक्षता सेवानिवृत्त कर्नल आनंद कुमार थपलियाल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत समलौंण आंदोलन के तहत मां के नाम बेल का पौधा रोपकर की गई। पौधारोपण के इस प्रतीकात्मक कार्य ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया। संचालन ग्रामीण पत्रकार एवं समलौंण आंदोलन के संयोजक जगमोहन डांगी ने किया। नई कार्यकारिणी घोषित वरिष्ठ नागरिक मंच की कार्यकारिणी में कर्नल आनंद कुमार थपलियाल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नयाल,सचिव सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य दीनदयाल सिंह,सह सचिव डॉ.गिरीश चंद्र नैथानी,कोषाध्यक्ष आर.पी.नैथानी,संरक्षक धीरेंद्र सिंह रावत,प्रचार सचिव पूर्व सैनिक राकेश रावत,मीडिया प्रभारी ग्रामीण पत्रकार जगमोहन सिंह डांगी,मंच की कार्यकारिणी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठजन और समाजसेवी भी सदस्य बनाए गए,जिनमें प्रमुख हैं पूर्व विधायक प्रत्याशी सज्जन सिंह नेगी,राज्यसभा से कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त धर्म दत्त कुकरेती,जागेश्वर सिंह गुंसाई (सेवानिवृत्त उप निरीक्षक), पूर्व प्रधानाचार्य आनंद सिंह पंवार,बलबीर सिंह सजवाण और डॉ.उमाशंकर रावत। वरिष्ठ नागरिक मंच का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों की मूलभूत समस्याओं जैसे सड़क,स्वास्थ्य,पानी,बिजली और जंगली जानवरों से सुरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों के समाधान की दिशा में कार्य करना है। साथ ही व्यक्तिगत स्तर पर भी यदि किसी वरिष्ठजन अथवा ग्रामीण को समस्या आती है, तो उसका निस्तारण मंच की ओर से प्राथमिकता पर किया जाएगा। मंच के गठन के साथ ही ग्रामीणों में आशा जागी है कि अब उनके मुद्दों को एक सशक्त और अनुभवी नेतृत्व मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी वरिष्ठजनों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि मां के नाम समलौंण पौधारोपण जैसी पहले गांव की मिट्टी और संस्कृति से जुड़ाव को और गहरा करेंगी। इस अवसर पर अध्यक्ष कर्नल आनंद कुमार थपलियाल ने कहा वरिष्ठ नागरिक मंच केवल संगठन नहीं,बल्कि यह हमारी पीढ़ियों को जोड़ने वाला एक पुल है। हम सब मिलकर गांव की समस्याओं को हल करेंगे और आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर भविष्य बनाएंगे। वहीं संयोजक जगमोहन डांगी ने कहा मां के नाम पौधा लगाना सिर्फ पर्यावरण संरक्षण नहीं,बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यही समलौंण आंदोलन का सार है।