मां धारी देवी धाम के कायाकल्प की ओर बड़ा कदम-नगर निगम महापौर की पहल,अतिक्रमण हटेगा-श्रद्धालुओं को मिलेगा सुगम दर्शन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। आस्था,श्रद्धा और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान की प्रतीक मां धारी देवी मंदिर के सुव्यवस्थीकरण को लेकर नगर निगम श्रीनगर ने अब निर्णायक पहल शुरू कर दी है।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। आस्था,श्रद्धा और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान की प्रतीक मां धारी देवी मंदिर के सुव्यवस्थीकरण को लेकर नगर निगम श्रीनगर ने अब निर्णायक पहल शुरू कर दी है। लंबे समय से अव्यवस्थाओं और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे मंदिर परिसर को अब एक नए व्यवस्थित और भव्य स्वरूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नगर निगम कार्यालय में महापौर आरती भण्डारी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में स्थानीय दुकानदारों,व्यापार सभा और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ व्यापक मंथन हुआ। बैठक में मंदिर क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने के लिए कई बड़े और प्रभावी निर्णयों पर सहमति बनी,जो आने वाले समय में इस धाम की तस्वीर बदलने वाले साबित हो सकते हैं। बैठक में यह तय किया गया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। इससे दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। साथ ही मुख्य मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने और दुकानों को एक सुनियोजित ढांचे में स्थापित करने की रणनीति पर भी सहमति बनी। नगर निगम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि मंदिर परिसर और उसके आसपास अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यवस्थित रूप से स्थान देने की योजना भी बनाई जा रही है,ताकि व्यापार भी प्रभावित न हो और परिसर की सुंदरता भी बनी रहे। महापौर आरती भण्डारी ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि मां धारी देवी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं,बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान और आस्था का केंद्र है। इसकी स्वच्छता,सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही इस धाम को आदर्श और आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। बैठक में तहसीलदार दीपक भंडारी,पार्षद राजेंद्र नेगी,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल,कर अधिकारी सुशील कुमार कुरील सहित व्यापार सभा के अध्यक्ष प्रेम चंद्र,सचिव विकास मोहन और उपाध्यक्ष कमल किशोर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए अपने सुझाव भी साझा किए। नगर निगम की इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि जल्द ही मां धारी देवी धाम एक स्वच्छ,सुरक्षित,सुव्यवस्थित और भव्य धार्मिक स्थल के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है,जो न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...