मां धारी देवी मंदिर पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर दिए अहम निर्देश

हिमालय टाइम्सगबर सिंह भंडारी श्रीनगर गढ़वाल। धार्मिक आस्था और लोकश्रद्धा का केंद्र मां धारी देवी मंदिर शनिवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की विशेष उपस्थिति का साक्षी बना। मंत्री ने

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भंडारी

श्रीनगर गढ़वाल। धार्मिक आस्था और लोकश्रद्धा का केंद्र मां धारी देवी मंदिर शनिवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की विशेष उपस्थिति का साक्षी बना। मंत्री ने मंदिर पहुंचकर मां धारी देवी के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की प्रार्थना की। दर्शन उपरांत डॉ.रावत ने मंदिर समिति के पुजारियों व सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर से ही जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस.भदौरिया और आपदा सचिव सुमन से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर समिति,पुजारियों और आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की एक संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित की जाए,जिससे मंदिर क्षेत्र की भौगोलिक व संरचनात्मक चुनौतियों का ठोस समाधान निकाला जा सके। मां धारी देवी मंदिर के समीप बने पुल की सुरक्षा पर डॉ.रावत ने विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा यह पुल न केवल श्रद्धालुओं की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है,बल्कि आपदा की स्थिति में जीवन रेखा का कार्य करता है। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि पुल के किनारे सुरक्षा दीवार का आगणन (आकलन) तैयार किया जाए,ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति से बचा जा सके और श्रद्धालुओं की आवाजाही में कोई बाधा न आए। मंदिर दौरे के बाद डॉ.रावत ने एजेंसी मोहल्ला,अलकेश्वर घाट सहित आसपास के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मां धारी देवी से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है और यह सरकार का दायित्व है कि यहां आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंदिर क्षेत्र के विकास,सुरक्षा और सुगम पहुंच के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। डॉ.रावत की सक्रियता और त्वरित पहल का मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। समिति सदस्यों का कहना था कि लंबे समय से मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा और पुल की मजबूती की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मंत्री की तत्परता से अब इस दिशा में ठोस कार्यवाही संभव हो सकेगी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर जोशी,जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष बासुदेव कंडारी,जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट,पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव मोहन नेगी,पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र धिरवाण,मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,पंकज रावत सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...