
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नंदासैंण जनपद चमोली के छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार का दिन ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा,जब उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा,अस्पताल प्रबंधन,आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना तथा उनके सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मेडिकल कॉलेज में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों,प्रयोगशालाओं तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं को निकट से देखा। वहीं बेस अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा उपकरणों,रोगियों की देखभाल प्रणाली और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह पहला अवसर था जब उन्होंने मेडिकल कॉलेज और बड़े अस्पताल की कार्यप्रणाली को इतने करीब से देखा,जिसे लेकर छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेडिकल शिक्षा की प्रक्रिया,स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारियां तथा चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन,समर्पण और निरंतर अध्ययन को सफलता की कुंजी बताते हुए चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की शिक्षिका मीना पुंडीर ने इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना,चिकित्सा अधीक्षक सहित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने में सहायता करते हैं। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पूजा जिंगोरही,दीपक बडोनी,दुष्यंत चौहान,कुंवर रावत,पीटीए चेयरपर्सन अर्जुन भण्डारी,गिरीश थपलियाल सहित विद्यालय के कुल 71 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए चिकित्सा क्षेत्र के प्रति नई समझ और रुचि विकसित होने की बात कही।