
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण के राजकीय इंटर कॉलेज गंगाऊ में अफसर बिटिया कार्यक्रम एवं करियर परामर्श का प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य तय कर अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम किया जाए,तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं है। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके भविष्य के सपनों और करियर लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उपजिलाधिकारी ने छात्राओं को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया,तैयारी की रणनीति और आवश्यक योग्यता के बारे में सरल एवं व्यावहारिक शब्दों में जानकारी दी,जिससे छात्राओं में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। मेरे सपनों की उड़ान विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता कार्यक्रम के अंतर्गत मेरे सपनों की उड़ान विषय पर जूनियर एवं सीनियर वर्ग की छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई,जिसमें कुल 35 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने अपने सपनों,आत्मनिर्भरता और भविष्य की आकांक्षाओं को रंगों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसाईं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की पृष्ठभूमि,उद्देश्य एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना बेटियों को शिक्षा,सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत पहल है। कार्यक्रम में उपस्थित थानाध्यक्ष ने छात्राओं को बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम-2012 (पॉक्सो एक्ट) एवं साइबर अपराध से जुड़ी सावधानियों की जानकारी दी तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं वन विभाग से आए उप वन क्षेत्राधिकारी ने विभाग की कार्यप्रणाली,दायित्वों एवं वन सेवाओं में करियर संभावनाओं से छात्राओं को अवगत कराया। स्वास्थ्य विभाग की ममता जोशी ने चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं,पाठ्यक्रमों एवं करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए अपने अनुभव साझा किए। अधिवक्ता लक्ष्मी रावत ने छात्राओं को महिला सुरक्षा,लैंगिक अपराधों,कानूनी अधिकारों एवं सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181 एवं बाल हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता की भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया,जिससे छात्राओं का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं,बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। आयोजन ने छात्राओं को न केवल करियर मार्गदर्शन दिया,बल्कि आत्मनिर्भर,जागरूक और सशक्त नागरिक बनने की प्रेरणा भी प्रदान की।क