राज्य स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर बना ओवरऑल चैंपियन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद मुख्यालय पौड़ी के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 24 वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। 22 से 24 अक्टूबर

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद मुख्यालय पौड़ी के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 24 वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया,जबकि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून दूसरे और पौड़ी तीसरे स्थान पर रहा। समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालयी स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने,अनुशासन सीखने और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास,मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है। खिलाड़ियों को जीत और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के दौरान अंडर-14,अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह,अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए कड़ा संघर्ष किया। प्रतियोगिता में देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। तीन दिवसीय आयोजन ने विद्यालयी स्तर के युवा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान किया। अंडर-14 बालक वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में अल्मोड़ा के यश बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊधमसिंह नगर के अद्विक शाह द्वितीय,रुद्रप्रयाग के अभिनव तरवारा तृतीय और देहरादून के आरव चतुर्थ स्थान पर रहे। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के भारत ने प्रथम,निकुंज ने द्वितीय स्थान,देहरादून के तेजस तृतीय और आदित्य बिष्ट ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में ऊधमसिंह नगर के देव बरगली ने प्रथम,देहरादून के युवराज कुंजवाल दूसरे,पौड़ी के देवेश कुमार नेगी तीसरे और देहरादून के हिमांशु सिंह कपकोटी चौथे स्थान पर रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी बेसिक अंशुल बिष्ट,गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बंगारी,टीम कोच चंद्र मोहन सिंह,रामचंद्र,विक्रम कठैत,धर्मेंद्र नेगी,प्रहलाद सिंह चुफाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...