
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के समापन दिवस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया,जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का यह पल न केवल सम्मान का था,बल्कि पूरे परिसर के लिए गर्व और प्रेरणा का भी प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में छात्रा प्रियंका खत्री को विशेष रूप से सम्मानित किया गया,जिन्होंने राष्ट्रीय युवा महोत्सव में नॉर्थ जोन भाषण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। गौरतलब है कि चेन्नई में आयोजित इस प्रतिष्ठित महोत्सव में देशभर के 145 विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों के बीच उन्होंने अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व कला का परिचय दिया। कर्तव्य पथ पर दिखी एनसीसी कैडेट्स की शान इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स हर्षिता मेहता को भी सम्मानित किया गया,जिन्होंने देश की राजधानी में आयोजित भव्य परेड में कर्तव्य पथ पर प्रतिभाग कर विश्वविद्यालय और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनकी यह उपलब्धि अनुशासन,समर्पण और देशभक्ति का प्रतीक मानी गई। बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतकर पंकज ने बढ़ाया मान खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पंकज रेलकोटिया को भी मंच पर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि विश्वविद्यालय के छात्र न केवल शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में,बल्कि खेल जगत में भी अपना परचम लहरा रहे हैं। प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन,युवाओं में बढ़ा उत्साह अधिष्ठाता छात्र कल्याण ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे होनहार छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की असली पहचान होते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य छात्रों से भी प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस सम्मान समारोह ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय प्रतिभाओं की धरती है,जहां से निकलकर युवा राष्ट्रीय ही नहीं,अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी चमक बिखेर रहे हैं।