
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत प्रारम्भिक स्तर की विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन आज 15 दिसंबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में उत्साह और जिज्ञासा से भरे वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्या सुमन लता पंवार एवं ब्लॉक समन्वयक मुकेश काला द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या सुमन लता पंवार ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच,जिज्ञासा,नवाचार और रचनात्मकता को विकसित करना है। साथ ही विज्ञान एवं गणित के प्रति रुचि बढ़ाकर प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता और अनुसंधान के उच्च शिखर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करना है। विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत विकासखंड खिर्सू के 10 उच्च प्राथमिक,हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों द्वारा चल एवं अचल मॉडलों,चार्ट एवं नवाचारी प्रयोगों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया,जिसने दर्शकों और निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रत्येक स्टॉल का गहन अवलोकन किया गया। मूल्यांकन के दौरान मॉडलों की मौलिकता,वैज्ञानिक सटीकता,सिद्धान्तों की स्पष्टता, नवीनता,गुणवत्ता,व्यावहारिकत,प्रयुक्त सामग्री,प्रस्तुतीकरण क्षमता तथा छात्र-छात्राओं से प्रश्नोत्तर के माध्यम से उनकी समझ को परखा गया। निर्णायक मंडल में आशीष रावत,मंजू राणा एवं विपिन कुनियाल शामिल रहे। विज्ञान प्रदर्शनी के परिणाम प्रथम स्थान-रचित पंवार-राजकीय इंटर कॉलेज नवाखाल,द्वितीय स्थान-दीपू एवं योगेश-राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डांग ऐठाणा,तृतीय स्थान-कुनाल एवं शौर्य-राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कमेड़ा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं बैग पुरस्कार स्वरूप प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक विपिन गौतम,इन्द्रमोहन नैथानी,चक्रधर थपलियाल,अनुज नौडियाल,चन्द्रमोहन बिष्ट,देवेन्द्र असवाल,वन्दना रावत,जया रावत,मनोज नौडियाल,प्रतिमा थपलियाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं,अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन प्रभारी ब्लॉक समन्वयक मुकेश काला द्वारा किया गया। यह विज्ञान प्रदर्शनी न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने का सशक्त माध्यम बनी,बल्कि भविष्य के वैज्ञानिकों के आत्मविश्वास और नवाचार को नई दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत भी सिद्ध हुई।