
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 13 दिसंबर 2025 को जिलेभर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कुमारी अलका अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिती श्रीनगर की अध्यक्षता में न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्र.श्रे.) श्रीनगर के विश्राम कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की रूपरेखा,वादों के चयन,निस्तारण प्रक्रिया और अधिकतम प्रकरणों के निपटारे हेतु ठोस रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। प्री-लोक अदालत बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेश चन्द्र जोशी,संरक्षक अनूप पांथरी,सुबोध भट्ट,नितेश भारती,महासचिव ब्रह्मानंद भट्ट,विकास पंत,प्रदीप मैठाणी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही पुलिस विभाग की ओर से एसआई मुकेश भट्ट,भारतीय स्टेट बैंक श्रीनगर के चीफ मैनेजर अजय कुमार,बैंक प्रतिनिधि दिनेश बिष्ट तथा अन्य बैंकों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में प्राधिकरण के पीएलवी सदस्यों पूनम हटवाल,रोशनी रतूड़ी,प्रियंका रॉय,मानव बिष्ट और प्रीति बिष्ट ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। पीएलवी सदस्यों को वादकारियों से समन्वय,लोक अदालत की जानकारी प्रसारित करने तथा अधिकतम वादों को लोक अदालत में निस्तारण करने हेतु जिम्मेदारी सौंपते हुए विशेष निर्देश प्रदान किए गए। बैठक के दौरान 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कुमारी अलका ने कहा कि लोक अदालत न्याय तक सरल,त्वरित और सुलभ एवं सस्ता न्याय प्रदान करने का अत्यंत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों व संस्थानों से अधिकतम मामलों के समाधान हेतु सहयोग की अपील की। इस बैठक ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार किया है।