
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 2 के छात्र अर्हत बमराडा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शॉर्ट्स/रील्स श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता जनवरी 2026 में भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा कृत्रिम बुद्धिमता के सुरक्षित उपयोग विषय पर आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। नन्हे प्रतिभाशाली अर्हत ने अपनी रचनात्मकता,तकनीकी समझ और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा का संदेश अत्यंत सरल और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी तैयार की गई शॉर्ट वीडियो/रील में AI के सुरक्षित उपयोग,ऑनलाइन सावधानियों और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार का संदेश स्पष्ट रूप से दर्शाया गया,जिसने निर्णायकों को अत्यंत प्रभावित किया। कम आयु में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना न केवल अर्हत के लिए,बल्कि उनके विद्यालय,अभिभावकों और पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर छोटे बच्चे भी तकनीकी जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि नई पीढ़ी डिजिटल युग में न केवल तकनीक का उपयोग कर रही है,बल्कि उसके सुरक्षित और जिम्मेदार प्रयोग के प्रति भी सजग है।