
हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के जनहित से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर विधायक विनोद कंडारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से भेंट कर रेलवे स्टेशन मलेथा व आसपास के क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान की मांग की। विधायक ने मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि रेलवे लाइन निर्माण कार्यों के कारण ग्राम नैथाणा,मलेथा,रानीहाट,देवली,थापली,गोरशाली,मैणों,चौरास,मणी-चौरस सहित अनेक गांव प्रभावित हो रहे हैं। इन गांवों के लोग कई महीनों से पुनर्वास,भूमि अधिग्रहण,जलापूर्ति और विकास कार्यों की मांग कर रहे हैं। विधायक कंडारी ने स्पष्ट किया कि रेलवे स्टेशन मलेथा के आसपास 400 मीटर तक के क्षेत्र को फ्रीज जोन घोषित कर दिया गया है,जिससे यहां पर कोई भी निर्माण कार्य संभव नहीं हो पा रहा है। इस कारण स्थानीय निवासियों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन की दिशा में शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाए,ताकि लोग राहत महसूस कर सकें। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पुनर्वास क्षेत्र में पेयजल योजनाओं और आवासीय भवनों के निर्माण कार्यों की अनुमति तत्काल प्रदान की जाए। विधायक ने बताया कि वर्तमान में स्थानीय लोग जलापूर्ति बाधित होने और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री ने विधायक कंडारी को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर मामले का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाएगा। साथ ही शासन स्तर से भी रेलवे व विकास निगम लिमिटेड को प्रस्ताव प्रेषित कर सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर देवप्रयाग के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि भी विधायक के साथ मौजूद रहे और उन्होंने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। विधायक विनोद कंडारी ने कहा जनता के अधिकारों की रक्षा और उनका पुनर्वास मेरी पहली प्राथमिकता है। मैं तब तक संघर्ष करता रहूंगा जब तक देवप्रयाग की जनता को न्याय नहीं मिल जाता।