
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण में 12 वीं कक्षा की छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण एवं परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था,विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान उप जिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी द्वारा छात्राओं के साथ आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर सार्थक संवाद किया गया। छात्राओं ने विषयों,तैयारी की रणनीति और परीक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे,जिनका उप जिलाधिकारी ने प्रेरक और सरल तरीके से उत्तर देते हुए मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि उप जिलाधिकारी थलीसैंण की नयी पहल के तहत लंच विद एसडीएम की अवधारणा की भी शुरुआत की गयी,जिससे प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच संवाद,मार्गदर्शन एवं प्रेरणा का सशक्त मंच विकसित हो सके। सभी छात्राओं ने उप जिलाधिकारी के साथ दोपहर का भोजन किया और उन्होंने आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत तथा सुपरवाइजर बबीता चौहान द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग व विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी। इसके बाद समाज कल्याण विभाग से शालिनी बलोधी,पंचायती राज विभाग से संतोष सिंह रावत व ग्राम पंचायत अधिकारी,ग्राम्य विकास से रोहित पवार,एनआरएलएम से पंकज जयाड़ा,मनरेगा से योगेश सिंह रावत,स्थापना संबंधी नवीन तोमर तथा लेखा संबंधी राकेश कुमार ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और दायित्वों की जानकारी छात्राओं को दी। तत्पश्चात खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोटियाल द्वारा छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया। विकासखंड थलीसैंण के बाद छात्राओं को तहसील का भ्रमण भी कराया गया,जहां तहसीलदार एवं राजस्व उप निरीक्षक द्वारा राजस्व से जुड़े कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उप जिलाधिकारी के प्रशासनिक एवं न्यायिक उत्तरदायित्वों से छात्राओं को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं में जीआईसी थलीसैंण से शैलजा,कोमल,सुषमा व नेहा,जीआईसी गंगाऊ से आस्था व अल्का तथा पी.एम.बगवाड़ी से गीता व श्वेता शामिल रहीं।