
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह,अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय सहित जनपद के समस्त तहसीलों,विकासखंडों एवं शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कंडोलिया मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली और जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की बड़ी भागीदारी ने समारोह को जनउत्सव का स्वरूप प्रदान किया। इससे पूर्व प्रातःकाल कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया,पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार,आयुक्त कार्यालय में अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल उत्तम सिंह चौहान,विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत तथा जिला सूचना कार्यालय पौड़ी में जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल द्वारा ध्वजारोहण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र के 77 वें वर्ष में प्रवेश आत्ममंथन और संकल्प का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन का स्वरूप मानव-केंद्रित होना चाहिए। कंडोलिया मैदान में आयोजित समारोह में एएसपी संचार अनूप काला के नेतृत्व में परेड प्रस्तुत की गई तथा जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं की देशभक्ति सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। झांकी प्रतियोगिता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को प्रथम,ग्राम्य विकास विभाग को द्वितीय,तथा वन विभाग को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सूचना विभाग के कार्मिक प्रमोद सिंह बर्तवाल को गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से सूचना विभाग सहित समस्त कर्मचारियों में उत्साह और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में पौड़ी को संघर्ष,साहस और संवेदनशीलता की ऐतिहासिक धरती बताते हुए अगस्त माह में आई आपदा के दौरान प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और आम जनता के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने सीडीएस पार्क में देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत तथा गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.उम्मेद सिंह नेगी की धर्मपत्नी शिवदेई देवी को उनके निवास स्थान पर शॉल एवं स्मरण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयुक्त कार्यालय में अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल उत्तम सिंह चौहान ने ध्वजारोहण करते हुए कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे सशक्त लोकतांत्रिक दस्तावेज है,जिससे आज पूरा विश्व प्रेरणा ले रहा है। मुख्य समारोह में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी,जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला,नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी,ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार,मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि,स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पौड़ी गढ़वाल में मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस संविधान,लोकतंत्र,कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी का प्रेरणादायी एवं यादगार उत्सव बनकर सामने आया।