
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशन में जनपद भर में बैंक,ज्वैलरी शॉप एवं प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन चेकिंग अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। एसएसपी के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में इस अभियान को गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पुलिस की विशेष टीमों द्वारा बैंकों,आभूषण प्रतिष्ठानों एवं मुख्य बाजारों की दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की भौतिक जांच,उनकी कार्यशील स्थिति,कैमरा कवरेज,रिकॉर्डिंग सिस्टम तथा बैकअप व्यवस्था को बारीकी से परखा जा रहा है,ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में साक्ष्य सुरक्षित रह सकें और पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस चेकिंग के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे सही दिशा में लगे हैं या नहीं,रिकॉर्डिंग कितने दिनों तक सुरक्षित रहती है तथा बैकअप की व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य कर रही है या नहीं। जिन बैंकों एवं ज्वैलरी शॉप में सीसीटीवी कैमरे या अन्य सुरक्षा उपाय अपर्याप्त अथवा निष्क्रिय पाए गए,वहां संबंधित प्रबंधकों एवं प्रतिष्ठान स्वामियों को मौके पर ही सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिन दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अभी तक सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं हैं,उन्हें शीघ्र कैमरे लगाने,अलार्म सिस्टम एवं अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है,ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन का विश्वास पुलिस व्यवस्था में और मजबूत हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में ऐसे सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस ने व्यापारियों एवं बैंक प्रबंधन से भी अपील की है कि वे पुलिस के साथ सहयोग करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस अभियान से न केवल अपराधियों में भय का माहौल बना है,बल्कि व्यापारियों एवं आम नागरिकों में भी सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।