
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर महिला थाना श्रीनगर में एक विशेष जागरूकता एवं संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय-विशेषकर महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों,कानूनी सुरक्षा प्रावधानों एवं पुलिस सहायता प्रणाली के प्रति जागरूक करना रहा,ताकि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न,भेदभाव अथवा हिंसा की स्थिति में निर्भीक होकर कानून का सहारा ले सकें। गोष्ठी के दौरान महिला थाना की अधिकारियों द्वारा उपस्थित अल्पसंख्यक महिलाओं एवं नागरिकों की सामाजिक,पारिवारिक,प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि महिला थाना में दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत का गोपनीयता,संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा अधिनियम,महिला एवं बाल सुरक्षा कानून,साइबर अपराध,दहेज प्रताड़ना,मानसिक उत्पीड़न तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि महिला थाना केवल अपराध पंजीकरण का स्थान नहीं,बल्कि समाधान,परामर्श और संरक्षण का भरोसेमंद केंद्र है। इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग द्वारा जारी जागरूकता बुकलेट का वितरण भी किया गया। बुकलेट के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय को उनके अधिकारों,आयोग की भूमिका,शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया एवं सहायता तंत्र की जानकारी सरल भाषा में दी गई। महिला पुलिस अधिकारियों ने बुकलेट की प्रमुख जानकारियों को समझाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या भय की स्थिति में बिना संकोच पुलिस,महिला थाना या आयोग से संपर्क करें। महिला थाना पुलिस ने यह भी अपील की कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करें,ताकि समाज में आपसी विश्वास,सौहार्द और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं और अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा,सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिला थाना श्रीनगर गढ़वाल की यह पहल न केवल विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस की भावना को सशक्त रूप में प्रस्तुत करती है,बल्कि यह संदेश भी देती है कि पौड़ी पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवेदनशील,सहयोगात्मक और न्यायपूर्ण व्यवहार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।