
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जिला चिकित्सालय स्थित एनसीडी क्लीनिक के दंत विभाग में विशेष स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही दांतों से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान और बचाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान दंत शल्यक डॉ.शशांक उनियाल ने क्लीनिक में पहुंचे लोगों की विस्तृत मुख जांच की और स्वस्थ मुंह,खुशहाल जीवन थीम के तहत लोगों को दांतों और मुंह की स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोग तब ही डॉक्टर के पास पहुंचते हैं जब समस्या गंभीर हो जाती है,जबकि समय पर जांच और सावधानी से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। डॉ.उनियाल ने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि ओरल कैंसर आज भारत में तेजी से बढ़ती गंभीर बीमारी बन चुकी है। उन्होंने इसके प्रमुख लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि मुंह में दो सप्ताह से अधिक समय तक रहने वाले छाले,सफेद या लाल धब्बे,मसूड़ों से खून आना,कान में दर्द,मुंह कम खुलना,निगलने में परेशानी या आवाज में बदलाव जैसे संकेतों को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तंबाकू,बीड़ी,सिगरेट,गुटका और खैनी जैसे नशे इसके प्रमुख कारण हैं,इसलिए इनसे दूरी बनाना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में लोगों को दांतों की देखभाल के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए-दिन में दो बार ब्रश करना सॉफ्ट ब्रश और टंग क्लीनर का उपयोग,साल में कम से कम दो बार मुख जांच और एक बार दांतों की सफाई,बच्चों के दांतों की विशेष देखभाल,बेकरी उत्पाद और सोडा युक्त कोल्ड ड्रिंक्स से परहेज संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना। इस दौरान क्लीनिक में आए लोगों को निःशुल्क टूथपेस्ट भी वितरित किए गए,जिससे कार्यक्रम के प्रति लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 मार्च से ओरल हेल्थ जागरूकता माह की शुरुआत कर दी गई है,जो 20 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान जनपद के सभी ब्लॉकों में स्कूलों,कॉलेजों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ दांतों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। कार्यक्रम में डेंटल हाइजिनिस्ट राखी,सिद्धार्थ और प्रीती सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को आमजन ने सराहा और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वस्थ दांत और स्वच्छ मुंह ही स्वस्थ जीवन की पहली पहचान हैं और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।