
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल की पावन धरती एक बार फिर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी है। मलेथा की वीरभूमि जो सदियों से पराक्रम और जनसेवा की मिसाल रही है,अब आधुनिक विकास के नए अध्याय की ओर बढ़ रही है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मलेथा रेलवे स्टेशन न केवल आवागमन का केंद्र बनेगा,बल्कि गढ़वाल की अस्मिता,स्वाभिमान और गौरव का जीवंत प्रतीक भी होगा। गढ़वाल के इतिहास में माधो सिंह भण्डारी का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है। वे केवल एक योद्धा नहीं,बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित दूरदर्शी नायक थे। जब मलेथा की भूमि सूखे से जूझ रही थी,तब उन्होंने असंभव को संभव कर दिखाया। चंद्रभागा नदी के जल को मोड़कर खेतों तक पहुंचाने का उनका साहसिक प्रयास-मलेथा कुल आज भी उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और त्याग का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक पहल ने बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया और पूरे क्षेत्र में जीवन का संचार किया। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बन रहा यह स्टेशन केवल यातायात का साधन नहीं होगा। क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी के निर्देश पर यहां वीर माधो सिंह भण्डारी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी,जो गढ़वाल के गौरवशाली इतिहास और वीरता का संदेश हर आगंतुक तक पहुंचाएगी। प्रतिमा के साथ उनके जीवन परिचय को भी अंकित किया जाएगा,ताकि आने-जाने वाले यात्री इस महान नायक के योगदान से प्रेरित हो सकें। अलकनंदा नदी की कल-कल ध्वनि और ऊंचे पर्वतों की गोद में बसा मलेथा अब विकास की नई पहचान गढ़ने जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्टेशन क्षेत्र में पर्यटन,व्यापार और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगा। जो भूमि कभी सूखे और संघर्ष का प्रतीक थी,आज वही उन्नति और समृद्धि की मिसाल बन रही है। मलेथा की हर धारा,हर खेत और हर नई शुरुआत आज भी उस महान वीर की गाथा सुनाती है। यह धरती हमें सिखाती है कि दृढ़ संकल्प और साहस के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। विरासत से विकास तक का ऐतिहासिक सफर-मलेथा स्टेशन का निर्माण केवल एक परियोजना नहीं,बल्कि अतीत की गौरवशाली विरासत को भविष्य की प्रगति से जोड़ने का सशक्त प्रयास है। जब भी यहां ट्रेन रुकेगी,वह केवल यात्रियों को नहीं,बल्कि गढ़वाल की वीरता,संघर्ष और आत्मसम्मान की अमर कहानी को भी आगे बढ़ाएगी। मलेथा अब सिर्फ एक गांव नहीं,बल्कि गढ़वाल की पहचान और प्रेरणा का केंद्र बनने जा रहा है।