
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी पौराणिक औद्योगिक मेले के समापन अवसर पर देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर सक्रिय समाजसेवी गणेश भट्ट अपने जनाधिकार मोर्चा के साथियों सहित गरिमामय रूप से उपस्थित रहे। मेले के समापन समारोह में ऐतिहासिक गौरव,सांस्कृतिक चेतना और जनभावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मेला समिति एवं ग्राम प्रधान मलेथा द्वारा समाजसेवी गणेश भट्ट को सम्मानित करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया गया। सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्रवासियों ने तालियों की गूंज के साथ उनके सामाजिक योगदान को सराहा। समारोह को संबोधित करते हुए गणेश भट्ट ने कहा कि जिस प्रकार मलेथावासी प्रतिवर्ष वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी के त्याग,शौर्य और बलिदान को स्मरण करते हैं,उसी प्रकार क्षेत्र के प्रेरणास्रोत उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व.दिवाकर भट्ट के त्याग और संघर्ष को चिरस्थायी सम्मान देने हेतु मलेथा तिराहे पर उनकी प्रतिमा की स्थापना की जानी चाहिए तथा मलेथा तिराहे का नाम दिवाकर चौक रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मांग केवल एक नामकरण की नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का माध्यम होगी। गणेश भट्ट ने राज्य सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शीघ्र ही सीबीआई जांच प्रारंभ नहीं की जाती, तो वे अगले सप्ताह क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर मलेथा तिराहे से देवप्रयाग विधायक कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च करेंगे। इस दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच एवं दिवाकर भट्ट की प्रतिमा स्थापना की मांग विधायक के समक्ष लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखी जाएगी। मेले के समापन अवसर पर समाजसेवी गणेश भट्ट के साथ अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे,जिनमें प्रमुख रूप से कुलदीप राणा ग्राम प्रधान मुन्डोली,सुरेश नेगी ग्राम प्रधान लक्ष्मोली,नरेश कोठियाल ग्राम प्रधान बागवान,अर्जुन कुमार ग्राम प्रधान गुरछोली डांगचौरा,रिंकी देवी ग्राम प्रधान मूल्यागांव,चंद्रकला लिंगवाल क्षेत्र पंचायत सदस्य भल्लेगांव,शीशपाल राणा ग्राम प्रधान स्वाडु,लक्ष्मी भट्ट देवप्रयाग जनाधिकार महिला मोर्चा अध्यक्ष,हरदेव कुमार युवा मोर्चा अध्यक्ष,भावना बिष्ट लक्ष्मोली ग्राम संगठन अध्यक्ष,विकास रावत विधानसभा जनाधिकार युवा मोर्चा अध्यक्ष,अनिल भट्ट मीडिया प्रभारी देवप्रयाग जनाधिकार मोर्चा,आदित्य नेगी सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समापन समारोह में पूरे वातावरण में वीरता,सामाजिक चेतना और जनहित के मुद्दों को लेकर एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला। मेला केवल सांस्कृतिक आयोजन न रहकर,जनभावनाओं और सामाजिक न्याय की आवाज का सशक्त मंच बनकर उभरा।