
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भंडारी
श्रीनगर गढ़वाल। मेदांता हॉस्पिटल गुरुग्राम हरियाणा की टीम द्वारा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को शिविर के दूसरे दिन विश्वविद्यालय के शिक्षकों,कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 74 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में मेदांता के वरिष्ठ कार्डियक फिजिशियन डॉ.सुरेन्द्र तनेजा तथा जनरल फिजिशियन डॉ.कोशिकी ने मरीजों का परीक्षण किया। इसके साथ ही लगभग आठ नर्सिंग स्टाफ की टीम ने जांच प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। स्वास्थ्य शिविर में ब्लड प्रेशर,शुगर,ईसीजी,बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) सहित अन्य जांचें की जा रही हैं। डॉक्टरों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने,संतुलित आहार लेने और हृदय रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। गढ़वाल विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा ने बताया कि मेदांता हॉस्पिटल की यह पहल समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय यह हेल्थ कैंप स्थानीय नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी जांच कराने आ रहे हैं। शिविर के अंतिम दिन अधिक संख्या में लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण की उम्मीद जताई जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेदांता हॉस्पिटल का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों की अपेक्षा की है।