
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड के गढ़वाल अंचल में ग्रामीण शिक्षा,संस्कार और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एकल अभियान ने एक नई और दूरदर्शी पहल की है। इस पहल के तहत गढ़वाल भाग के सभी अंचल सेवावर्ती,स्वयंसेवक एवं समिति के अभिभावक अपने-अपने क्षेत्रों में एक-एक विद्यालय को गोद लेकर उसे शिक्षा,संस्कार और सामाजिक सहभागिता का सशक्त केंद्र बनाएंगे। यह ऐतिहासिक आह्वान गढ़वाल भाग के अध्यक्ष कालिका प्रसाद सेमवाल ने एक ऑनलाइन बैठक के माध्यम से करते हुए कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं कर रहा,बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेवावर्ती और समिति के अभिभावक जिस निस्वार्थ भाव,समर्पण और सेवा भावना से दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं,वह आज पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। सेमवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि एकल अभियान को और अधिक संगठित,प्रभावी और व्यापक बनाया जाए। इसी उद्देश्य से सभी सेवावर्ती और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे 20 जनवरी तक अपने क्षेत्र के एक विद्यालय को गोद लें। उन्होंने स्वयं भी एक विद्यालय गोद लेने की घोषणा कर उदाहरण प्रस्तुत किया। गोद लिए गए विद्यालयों की सूचना भाग कार्यालय रुद्रप्रयाग को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। भाग अध्यक्ष ने आगे बताया कि गढ़वाल भाग के प्रत्येक संच में कम से कम दस आदर्श विद्यालयों का चयन किया जाएगा,जो एकल अभियान के मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित होंगे। इन आदर्श विद्यालयों के चयन हेतु स्पष्ट और गुणवत्ता आधारित मानक निर्धारित किए गए हैं,जिनका पालन करने वाले विद्यालयों को ही यह दर्जा प्रदान किया जाएगा। ऑनलाइन बैठक में उन्होंने सभी अंचल स्तरीय सेवावर्ती पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संच प्रमुखों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें,ताकि इस माह के अंत तक गढ़वाल भाग के प्रत्येक संच में दस-दस आदर्श विद्यालय स्थापित किए जा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से यह लक्ष्य समय पर पूरा किया जाएगा। सेमवाल ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं,बल्कि संस्कार,अनुशासन,समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति की चेतना का माध्यम है। एकल अभियान इसी मूल भावना के साथ वर्षों से कार्य कर रहा है और विद्यालय गोद लेने की यह पहल ग्रामीण अंचलों में शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर सिद्ध होगी। ऑनलाइन बैठक में गढ़वाल भाग के विभिन्न अंचलों से जुड़े सेवावर्ती,संच समिति सदस्य एवं अभिभावक बड़ी संख्या में जुड़े और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।