
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर की ऐतिहासिक धरती सोमवार को देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठी,जब उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की पहल पर रामलीला मैदान में एक साथ तीन हजार से अधिक लोगों ने वंदे मातरम गीत का सामूहिक गायन किया। यह आयोजन वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया,जिसने पूरे नगर में एकता,राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना का संदेश फैलाया। इस अवसर पर डॉ.धन सिंह रावत ने घोषणा की कि अब उत्तराखंड के सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम का सामूहिक गायन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल गीत नहीं,बल्कि राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है जो नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को सशक्त करेगा। मंत्री ने बताया कि राज्यभर के विद्यालयों में सामान्य ज्ञान,वाद-विवाद,निबंध लेखन और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ये प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर से लेकर ब्लॉक,जिला और राज्य स्तर तक होंगी। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राज्यपाल,मुख्यमंत्री एवं शिक्षा विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान डॉ.रावत ने रामलीला मैदान के मंच निर्माण और सौंदर्यकरण कार्य का रुपए 1 करोड़ 71 लाख 50 हजार की लागत से शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर का रामलीला मैदान हमारी सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र है,इसे आधुनिक और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि आवश्यकता हुई तो परियोजना में अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। रामलीला समिति के अध्यक्ष शंकर मणि मिश्रा और समिति के सदस्यों ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य श्रीनगर के सांस्कृतिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ देगा। श्रीनगर के युवाओं के लिए डॉ.रावत ने एक और बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले एक वर्ष के भीतर जीएंडटीआई का आधुनिक खेल मैदान पूरी तरह तैयार कर युवाओं को समर्पित कर दिया जाएगा। यह मैदान खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वंदे मातरम के साथ तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय के नारों से पूरा वातावरण गूंजा दिया। डॉ.रावत ने कहा हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना हर नागरिक का दायित्व है। श्रीनगर आज उत्तराखंड की नवचेतना का प्रतीक बन चुका है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,नगर निगम प्रत्याशी आशा उपाध्याय,कोषाध्यक्ष संजय जैन,बीओ अश्वनी कुमार,हिमांशु अग्रवाल,संजय गुप्ता,शुभम प्रभाकर,दिनेश पटवाल,पंकज सती,प्रमिला भंडारी,नगमा तौफिक,विजयलक्ष्मी रतूड़ी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक,शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। डॉ.रावत की इस पहल ने यह संदेश दिया कि श्रीनगर अब केवल शिक्षा और संस्कृति का नहीं,बल्कि विकास और राष्ट्रीय चेतना का भी केंद्र बन चुका है।