हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भंडारी
श्रीनगर गढ़वाल। लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई है। शहर की मुख्य जल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बीते कई दिनों से नागरिकों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे कठिन हालात में नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी नगरवासियों के लिए सहारा बनकर सामने आई हैं। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम की पूरी मशीनरी को मैदान में उतार दिया है। मेयर भंडारी ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी पानी के टैंकरों को तुरंत सक्रिय किया जाए और प्रभावित मोहल्लों में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित हो। निगम की टीम लगातार दिन-रात मेहनत कर विभिन्न वार्डों और बस्तियों तक टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचा रही है। नगर के कई हिस्सों में निगम की टैंकर सेवा सबसे बड़ी राहत साबित हो रही है। मेयर भंडारी केवल आदेश देने तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया,नागरिकों से सीधे संवाद किया और यह सुनिश्चित किया कि पानी की सप्लाई में कोई लापरवाही न हो। श्रीनगर के नागरिकों की समस्याओं का समाधान हमारी पहली प्राथमिकता है। जब तक जल आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल नहीं हो जाती, हम हर संभव प्रयास करते रहेंगे कि किसी भी घर तक पानी पहुंचाने में कोई कोताही न हो। वहीं जल संस्थान की ओर से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत और पुराने पंपों को पुनः क्रियाशील करने की कवायद भी जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा और नियमित आपूर्ति बहाल हो सकेगी। नगरवासियों ने मेयर और निगम टीम की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि जब पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता पर संकट आया तो मेयर ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए तत्काल राहत पहुंचाई। नागरिकों ने निगम की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।