श्रीनगर टीचर्स कॉलोनी में भू-धंसाव सांसद बलूनी और कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के हस्तक्षेप से रेलवे विशेषज्ञों की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण

हिमालय टाइम्सगबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के श्रीकोट और चौरास पुल के मध्य स्थित टीचर्स कॉलोनी में बुधवार को हुए भीषण भू-धंसाव एवं भूस्खलन ने लोगों की नींद उड़ा दी है। अचानक धरती

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के श्रीकोट और चौरास पुल के मध्य स्थित टीचर्स कॉलोनी में बुधवार को हुए भीषण भू-धंसाव एवं भूस्खलन ने लोगों की नींद उड़ा दी है। अचानक धरती धंसने से 15 से अधिक परिवार प्रभावित हो गए। मकानों की दीवारों और नींव में गहरी दरारें पड़ गईं,जिससे लोग अपने ही घरों में रहने से डर रहे हैं। हालात इतने भयावह हैं कि प्रभावित परिवारों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ी। बुजुर्ग और महिलाएं जहां सुरक्षित ठिकाने की तलाश में हैं,वहीं छोटे-छोटे बच्चे सर्द रातों और बरसात की बूंदों के बीच सहमे हुए हैं। लोग अपने सिर पर छत खोने के भय और जीवन की असुरक्षा को लेकर परेशान हैं। सांसद बलूनी की तत्परता और रेलवे प्रशासन की सक्रियता-स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने मामले को तुरंत गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत तक पहुंचाया। मामले की सूचना मिलते ही गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने देर शाम प्रभावित परिवारों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और तुरंत रेलवे प्रशासन से वार्ता कर विशेषज्ञ टीम को श्रीनगर भेजने के निर्देश दिए। इसी क्रम में गुरुवार प्रातःकाल देहरादून से आरवीएनएल (रेल विकास निगम) की एक बड़ी तकनीकी टीम श्रीनगर के लिए रवाना हुई। मार्ग अवरुद्ध होने से टीम को दोपहर बाद मौके पर पहुंचना पड़ा,जहां उन्होंने भू-धंसाव स्थल का गहन निरीक्षण किया। विशेषज्ञ टीम का निरीक्षण और आश्वासन-जांच टीम में आरवीएनएल के महाप्रबंधक पामीर अरोड़ा,अपर महाप्रबंधक एवं भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल,टीम लीडर (टनल) हुसैन कैरागोन,जियो-टेक्निकल इंजीनियर अहमद,टनल फोरमेन अली रैज सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने प्रभावित स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि रेलवे विभागीय रिपोर्ट और जिलाधिकारी स्तर की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को मुआवजा और हर संभव राहत दिलाई जाएगी। स्थानीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति-निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,महामंत्री शुभम प्रभाकर,प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा डॉ.सुधीर जोशी,पूर्व पालिका अध्यक्ष विपिन चंद्र मैठाणी,जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट,व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल,पूर्व सभासद विभोर बहुगुणा,जितेंद्र धिरवाण,संजय गुप्ता,पंकज रावत,आनंद भण्डारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रभावित परिवारों की ओर से वासुदेव कंडारी ने अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा कि रात भर महिलाएं और बच्चे खुले में बैठे रहे,लोग भय और असुरक्षा से कांपते रहे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और स्थायी समाधान की मांग की। लोगों की उम्मीदें अब सरकार और प्रशासन से जुड़ीं-भू-धंसाव की इस त्रासदी ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया है। घर टूटने की आहट,दरारों से झांकती असुरक्षा और बच्चों की मासूम आंखों का डर सब कुछ इस आपदा की भयावह तस्वीर बयां कर रहा है। हालांकि सांसद और मंत्री स्तर पर हुई पहल तथा रेलवे की विशेषज्ञ टीम का निरीक्षण प्रभावित परिवारों के लिए आशा की किरण बनकर आया है। अब लोगों की निगाहें सरकार और प्रशासन पर टिकी हैं,जिन्हें उनसे शीघ्र राहत,पुनर्वास और स्थायी समाधान की उम्मीद है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...