हिमालय टाइम्स
गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। नगर के भक्तियाना क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या अब अतीत बनने जा रही है। मेयर आरती भण्डारी के सतत प्रयासों से क्षेत्र के खुले नाले को अंडरग्राउंड नाले में परिवर्तित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। यह परियोजना शहर की दीर्घकालिक जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। भक्तियाना क्षेत्र में वर्षों से लोग बरसात के मौसम में सड़क और गलियों में भरे पानी,बदबू और गंदगी की समस्या से परेशान थे। बरसात के समय नाले के उफान से न केवल यातायात बाधित होता था,बल्कि घरों और दुकानों तक पानी भर जाता था। अब इस समस्या के समाधान हेतु नगर निगम ने आवास विकास मैदान से गुजरने वाले खुले नाले को अंडरग्राउंड स्वरूप देने का निर्णय लिया है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में जल निकासी की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी और जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। मेयर आरती भण्डारी ने निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भक्तियाना क्षेत्र के लोग वर्षों से बारिश के दौरान कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। अब यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त होगी। नगर निगम श्रीनगर जनसुविधाओं के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। मेयर ने निर्माण एजेंसी एवं अभियंताओं को निर्माण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या घटिया सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नूपुर वर्मा और नगर निगम के अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल भी उपस्थित रहे। मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए। कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो ताकि आगामी बैकुंठ चतुर्दशी मेला के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास है कि सभी विकास कार्य नियोजन,गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं ताकि जनता को दीर्घकालिक सुविधा मिले। शहर को मिलेगा नया स्वरूप स्वच्छ,व्यवस्थित और जलभराव मुक्त श्रीनगर की ओर कदम,भक्तियाना क्षेत्र में नाले के अंडरग्राउंड होने से न केवल जलभराव से राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र की सड़कें,फुटपाथ और निकासी व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होंगी। यह कार्य नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल के साफ-सुथरा और स्मार्ट सिटी स्वरूप की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के बाद मेयर आरती भण्डारी ने आवास विकास मैदान में आगामी बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदान में प्रकाश,जल निकासी, स्वच्छता एवं आवागमन की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि श्रद्धालु एवं पर्यटक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में मेले का आनंद उठा सकें। मेयर आरती भण्डारी ने कहा कि नगर निगम श्रीनगर का उद्देश्य केवल विकास कार्य करना नहीं,बल्कि जनसुविधाओं को धरातल पर उतारना है। हर वार्ड,हर मोहल्ला स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बने यही हमारी प्राथमिकता है। भक्तियाना क्षेत्र में चल रहा यह अंडरग्राउंड नाला निर्माण कार्य न केवल बरसाती जलभराव से राहत देगा,बल्कि यह नगर निगम की सक्रियता,मेयर की नेतृत्व क्षमता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण है। इस कार्य के पूरा होने के बाद श्रीनगर शहर को एक सुव्यवस्थित और आधुनिक जल निकासी प्रणाली का लाभ मिलेगा,जो आने वाले वर्षों तक शहर को जलभराव मुक्त श्रीनगर की पहचान दिलाएगा।