
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्रीनगर मंडल में आस्था,परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला,जब भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा कंसमर्दनी मंदिर में भव्य शक्ति पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रगाढ़ किया,बल्कि समाज को एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त संदेश भी दिया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट एवं जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। उनके निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में नवरात्रों के दौरान शक्ति पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,जिसके अंतर्गत श्रीनगर मंडल का यह आयोजन विशेष रूप से भव्य और आकर्षक रहा। कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी ने की। उनके नेतृत्व में सर्वप्रथम मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ,जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। मंदिर परिसर में गूंजते देवी भजनों और मंत्रोच्चार ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक और महत्वपूर्ण हिस्सा कन्या पूजन रहा। इस अवसर पर छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर विधिवत पूजा की गई। उनका तिलक,आरती एवं पिठाई कर उन्हें सम्मानपूर्वक भोग एवं प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया। कन्याओं के चेहरे पर झलकती खुशी और उपस्थित महिलाओं की श्रद्धा ने इस आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। अपने संबोधन में मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी ने कहा कि नवरात्रों में कन्या पूजन की परंपरा सनातन संस्कृति की आत्मा है,जिसमें कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं,बल्कि समाज में आपसी प्रेम,भाईचारे और समरसता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिला मोर्चा समय-समय पर ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है,जिससे समाज अपनी जड़ों से जुड़ा रहे और नई पीढ़ी को भी अपनी समृद्ध परंपराओं से परिचित कराया जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेत्री आशा उपाध्याय,जिला सोशल मीडिया संयोजक सीमा भंडारी,मंडल मीडिया संयोजक विशोदा देवी,उपाध्यक्ष राजलक्ष्मी,मंडल मंत्री रेखा पटवाल सहित अनेक महिला कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन मां भगवती की आरती,प्रसाद वितरण और भंडारे के साथ हुआ। पूरे आयोजन ने श्रीनगर क्षेत्र में भक्ति,उल्लास और सांस्कृतिक चेतना का एक नया वातावरण निर्मित किया,जो लंबे समय तक लोगों के मन में प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।