

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद के मंडल प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट तथा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत की गरिमामयी उपस्थिति में आज श्रीनगर मंडल में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ,जिसके पश्चात संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी नलिन भट्ट ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए जनवरी-फरवरी से संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर गति दी जाएगी। उन्होंने बूथ अध्यक्षों,शक्ति केंद्र संयोजकों एवं मंडल पदाधिकारियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण समर्पण के साथ अधिक समय संगठन को देना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है,जिसमें अंतिम पंक्ति का कार्यकर्ता भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शीर्ष नेतृत्व। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही कार्यकर्ता चुनावी सफलता की रीढ़ बनेंगे। प्रदेश मंत्री ने जानकारी दी कि पार्टी के लगभग सभी मोर्चों की कार्यकारिणियों का गठन पूर्ण हो चुका है और अब सभी को साथ लेकर चलते हुए 2027 के लिए संगठन की मजबूत नींव रखनी है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने अपने सशक्त संबोधन में मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर संगठनात्मक स्थिति कमजोर है,वहां विशेष कार्यक्रमों के साथ रात्रि प्रवास कर संगठन को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि संगठनात्मक बैठकों में बिना कारण अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को अपने दायित्वों पर आत्ममंथन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों और विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए सामाजिक माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया। जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि 2027 में श्रीनगर विधानसभा से पुनः भारतीय जनता पार्टी के विधायक को विजयी बनाकर प्रदेश में भाजपा सरकार को और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने सफल बैठक के लिए मंडल अध्यक्ष एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए बूथ अध्यक्षों,शक्ति केंद्र संयोजकों एवं नगर निगम पार्षदों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों,शक्ति केंद्र संयोजकों,मंडल कार्यकारिणी सदस्यों एवं मोर्चा अध्यक्षों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यालय में आहूत बैठकों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता अनिवार्य होनी चाहिए,ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में श्रीनगर सीट से भाजपा को भारी मतों से विजय दिलाई जा सके। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी नलिन भट्ट,जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,मंडल प्रभारी प्रहलाद सिंह रावत,बूथ अध्यक्ष,शक्ति केंद्र संयोजक,बूथ स्तरीय अभिकर्ता,शक्ति केंद्र प्रभारी,नगर निगम पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कुल मिलाकर यह बैठक संगठनात्मक एकजुटता,चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का सशक्त मंच साबित हुई,जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि श्रीनगर मंडल में भारतीय जनता पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय और प्रतिबद्ध है।