हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। मानवता की मिसाल पेश करते हुए ब्लड वाॅलंटियर्स श्रीनगर द्वारा 6 नवंबर 2025 दिन बृहस्पतिवार को एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मस्जिद परिसर श्रीनगर में आयोजित होगा। इस शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए लोगों को प्रेरित करना है। जब किसी ओर के खून से बचती है जान,तब समझ आता है क्या होता है रक्तदान इस प्रेरक संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम मानवीय संवेदनाओं का सशक्त प्रतीक बनकर उभरने जा रहा है। आयोजक संस्था ब्लड वाॅलंटियर्स श्रीनगर ने क्षेत्र के सभी नागरिकों,युवाओं,छात्र-छात्राओं और सामाजिक संगठनों से इस पुनीत कार्य में सहयोग की अपील की है। संस्था के सदस्यों का कहना है कि रक्तदान न केवल जीवन बचाने का कार्य है,बल्कि यह मानवता की सेवा का सबसे बड़ा रूप भी है। शिविर में चिकित्सकों की टीम द्वारा सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया जाएगा। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि शिविर में विशेष रूप से युवा वर्ग की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि समाज में रक्तदान-महादान की भावना और गहराई से स्थापित हो सके। ब्लड वाॅलंटियर्स श्रीनगर ने कहा है कि हर बूंद किसी की उम्मीद बन सकती है,रक्तदान एक संस्कार है,उपकार नहीं। इस अवसर पर मस्जिद परिसर समिति के सदस्यों ने भी आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। उम्मीद की जा रही है कि यह शिविर श्रीनगर में जनसहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा और अनेक जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद की किरण जगाएगा।