श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने ली बैठक

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर गढ़वाल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान बैकुंठ चतुर्दशी मेला इस वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। आगामी 4 से 13 नवंबर तक चलने वाले इस पारंपरिक

📘 इन्हें भी पढ़ें

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर गढ़वाल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान बैकुंठ चतुर्दशी मेला इस वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। आगामी 4 से 13 नवंबर तक चलने वाले इस पारंपरिक मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को नगर निगम श्रीनगर सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और मेला समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री डॉ.रावत ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक आस्था का प्रतीक है,जो इस बार नगर निगम के तत्वावधान में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय और सक्रिय भागीदारी से कार्य करें ताकि यह आयोजन न केवल श्रीनगर,बल्कि पूरे प्रदेश में एक नई पहचान स्थापित करे। मंत्री ने कहा कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा,सुविधा और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगी। पुलिस विभाग को उन्होंने ट्रैफिक प्लान,कलश यात्रा सुरक्षा,महिला सुरक्षा प्रबंधन और स्टार नाइट कार्यक्रमों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को मेला क्षेत्र में लगाए जाने वाले झूलों व अस्थायी संरचनाओं का सेफ्टी ऑडिट करने और सभी आवश्यक सुरक्षा मानक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर,एम्बुलेंस सेवा और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जल संस्थान को तीन स्टैंड पोस्ट और पर्याप्त टैंकर आपूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को गढ़वाल विश्वविद्यालय से मंदिर गेट तक लाइटिंग व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। परिवहन विभाग को कीर्तिनगर,श्रीकोट और धारी देवी मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने को कहा गया। डॉ.रावत ने बताया कि श्रीनगर नगर क्षेत्र की स्थायी परिवहन समस्या के समाधान के लिए तीन माह के भीतर पांच ई-रिक्शा और दो नगर बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी ने मेले की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष मेले को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। श्रीनगर बाजार को विशेष लाइटिंग और सजावट से संवारने के साथ ही पारंपरिक संस्कृति और स्थानीय परिधानों को बढ़ावा देने के लिए पहाड़ी फैशन शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा मेले में महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता,सांस्कृतिक संध्याएं,स्थानीय लोक कलाकारों के कार्यक्रम और धार्मिक झांकियां जैसी गतिविधियां भी शामिल की जाएंगी। आरती भण्डारी ने बताया कि रामलीला मैदान को प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आयोजनों के मुख्य स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। बैठक में नगर आयुक्त नूपूर वर्मा,पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार,जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल नेगी,खण्ड शिक्षा अधिकारी अश्विनी रावत,नगर उप आयुक्त रविराज बंगारी,नगर निगम पार्षदगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने अंत में कहा बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की परंपरा,आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। इस मेले को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा जो आने वाले वर्षों तक श्रीनगर की पहचान बने और यहां की धार्मिक,सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा मिले।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...