
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भंडारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर शहर के नर्सरी रोड का वह इलाका जो वर्षों तक कूड़े और बदबू की वजह से लोगों की परेशानी का कारण बना रहा,अब अपनी पहचान बदलने जा रहा है। नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी की दूरदर्शी पहल से यहां बन रहा है वेस्ट टू वंडर पार्क जो न केवल हरियाली का नया केंद्र होगा,बल्कि शहरवासियों को आधुनिक पार्किंग और सामुदायिक वेडिंग प्वाइंट जैसी सुविधाएं भी प्रदान करेगा। कूड़े का अड्डा बनेगा हरियाली का गढ़ जहां कभी बदबू,गंदगी और बीमारियों का खतरा मंडराता था,वहीं अब बच्चों की हंसी-खुशी,व्यायाम करते लोग और परिवारों का सुकून भरा समय गूंजेगा। पार्क में बच्चों के लिए झूले,व्यायाम उपकरण,आकर्षक फैंसी लाइटें और चारों ओर हरियाली का विशेष इंतजाम किया जा रहा है। साथ ही यहां सौ से अधिक वाहनों की आधुनिक पार्किंग भी बनाई जा रही है। मेयर भंडारी ने कहा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हमारा संकल्प है। यह पार्क नर्सरी रोड की पहचान बदल देगा। अब यह इलाका गंदगी से नहीं,बल्कि हरियाली,बच्चों की खिलखिलाहट और लोगों की मुस्कान से पहचाना जाएगा। आज मेयर आरती भंडारी,पार्षद रमेश रमोला और नगर निगम के अधिशाषी अभियंता पवन कोठियाल ने निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 20 लाख रुपये की लागत से पार्क,पार्किंग और रोड का विकास कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही बगल में बने टीन शेड को आधुनिक रूप देकर सामुदायिक वेडिंग प्वाइंट तैयार किया जाएगा,जिससे मध्यम वर्गीय परिवार कम खर्च में शादी और अन्य समारोह आयोजित कर सकेंगे। पार्षद रमोला ने कहा यह हमारी 30-35 साल पुरानी मांग थी। लोग कचरे और बदबू से बहुत परेशान थे। अब नगर निगम की पहल से लोगों को राहत मिलेगी और वार्ड नंबर 24 को एक सुंदर पार्क और पार्किंग की सौगात मिलेगी। यह हमारे वार्ड के लिए वरदान साबित होगा,जिसके लिए मैं मेयर भंडारी का धन्यवाद करता हूं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों बाद अब उन्हें स्वच्छ हवा और खुला स्थान मिलेगा। एक स्थानीय निवासी ने खुशी जताते हुए कहा अब हमें अपने बच्चों और परिवार के साथ घूमने-फिरने का एक सुरक्षित और स्वच्छ ठिकाना मिलेगा। यह बदलाव पूरे इलाके का चेहरा बदल देा। नगर निगम श्रीनगर का यह प्रयास केवल एक पार्क निर्माण नहीं है,बल्कि शहर की सोच और छवि में बदलाव की कहानी है। यह परियोजना भविष्य में अन्य इलाकों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। वेस्ट टू वंडर पार्क न केवल गंदगी से निजात दिलाएगा,बल्कि श्रीनगर की जीवनशैली में सकारात्मक ऊर्जा और नया उत्साह भी भरेगा।