
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में फैकल्टी और चिकित्सकीय पदों पर व्यापक भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान द्वारा कुल 93 पदों पर नियुक्ति के लिए 23 मार्च 2026 को वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा,जिससे प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। यह वॉक-इन-इंटरव्यू एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी न्यू सेंट्रल होप टाउन देहरादून में प्रात-10 बजे से प्रारंभ होगा। अभ्यर्थियों का पंजीकरण दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। संस्थान प्रशासन ने इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवारों से समय पर उपस्थित होने का आह्वान किया है। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरा जाएगा। इसमें प्रोफेसर के 12,एसोसिएट प्रोफेसर के 32,असिस्टेंट प्रोफेसर के 48 तथा लेडी मेडिकल ऑफिसर का 1 पद शामिल है। सभी नियुक्तियां संविदा के आधार पर की जाएंगी,जिन्हें प्रतिवर्ष नवीनीकृत किया जाएगा। अधिकतम कार्यकाल 3 वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति होने तक निर्धारित किया गया है। संस्थान के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने बताया कि विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से यह भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए योग्य विशेषज्ञों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से पारदर्शी और त्वरित चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। भर्ती में जनरल मेडिसिन,सर्जरी,पीडियाट्रिक्स,ऑर्थोपेडिक्स,कार्डियोलॉजी,न्यूरोसर्जरी,एनेस्थीसिया,रेडियोलॉजी सहित कई प्रमुख विभाग शामिल हैं। संस्थान ने वेतनमान भी आकर्षक रखा है। सामान्य पदों पर प्रोफेसर को लगभग 2.96 लाख रुपये प्रतिमाह तक,जबकि सुपर स्पेशियलिटी पदों पर यह वेतन 4.40 लाख रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है। संस्थान प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों की आयु एवं शैक्षणिक योग्यता नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों के अनुरूप होगी,जबकि आरक्षण उत्तराखंड सरकार के नियमों के तहत लागू रहेगा। प्री-क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल विषयों के लिए केवल MD/MS डिग्रीधारी अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। प्राचार्य ने सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर इंटरव्यू में प्रतिभाग कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।