
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। संवेदनशीलता,तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर भरोसे की मिसाल कायम की है। श्रीनगर से रहस्यमय ढंग से लापता हुई एक छात्रा को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सफल अभियान से जहां एक परिवार की चिंता समाप्त हुई,वहीं पुलिस की कार्यशैली की भी सराहना हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 मार्च 2026 को श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी पुत्री जो श्रीनगर में रहकर अध्ययन कर रही थी,बिना किसी को बताए अचानक लापता हो गई है। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बावजूद जब युवती का कोई सुराग नहीं लगा,तब उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली श्रीनगर में तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी। जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने संबंधित टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मैनुअल दोनों स्तरों पर सघन जांच शुरू की। स्थानीय स्तर पर सूचनाएं एकत्रित की गईं,संभावित स्थानों पर दबिश दी गई और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों और सटीक रणनीति के चलते पुलिस को अहम सुराग मिले,जिसके आधार पर टीम हिमाचल प्रदेश तक पहुंची। अंततः पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत के बाद उक्त युवती को हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह व्यक्तिगत कारणों एवं मानसिक तनाव के चलते बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। पुलिस द्वारा युवती और उसके परिजनों की समुचित काउंसलिंग कराई गई,ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके पश्चात युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पौड़ी पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर है,बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी उतनी ही प्राथमिकता देती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।