श्रीराम सेवादल के द्वारा भव्य शोभायात्रा-चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर जय श्रीराम के उद्धोष से गूंजा श्रीनगर

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर देवभूमि श्रीनगर में धार्मिक,सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के शुभ

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर देवभूमि श्रीनगर में धार्मिक,सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के शुभ दिन श्रीराम सेवादल के द्वारा नगर में भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया,जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ नागेश्वर महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। यात्रा के दौरान जय श्रीराम और हिन्दू नववर्ष मंगलमय हो के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया,जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ गई। शोभायात्रा का विशेष आकर्षण सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया घोषवादन रहा,जिसने पूरे आयोजन में ऊर्जा और अनुशासन का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। इसके साथ ही श्रीराम सेवादल के सदस्यों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में जाकर हिन्दू नववर्ष के शुभकामना कार्ड वितरित कर सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक संदेश का प्रसार किया। इस अवसर पर नागेश्वर महादेव मंदिर के महंत नितिन पुरी ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा सनातन परंपरा में नवसृजन और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को धर्म,संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपनी परंपराओं को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। श्रीराम सेवादल के संरक्षक संजय घिल्डियाल ने अपने संबोधन में कहा कि शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का जन-जन में जागरण करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने वास्तविक नववर्ष विक्रम संवत को जानें और गर्व के साथ इसे अपनाएं। उन्होंने बताया कि विक्रम संवत की शुरुआत उज्जैन के महान सम्राट वीर विक्रमादित्य के काल से हुई,जो भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट ने कहा कि हिन्दू नववर्ष भारतीय अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी जड़ों से जुड़े और ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें। इस भव्य आयोजन में कार्यक्रम संयोजक आशीष उनियाल,रोमी थपलियाल,हरी सिंह बिष्ट,राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,शैलेश रावत,भगवती पुरी,दिनेश उनियाल सहित श्रीनगर व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल,कुलदीप पंवार समेत अनेक गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। समापन अवसर पर सभी ने एक स्वर में हिन्दू नववर्ष का स्वागत करते हुए भारतीय संस्कृति,परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया। यह शोभायात्रा न केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बनी,बल्कि सामाजिक समरसता,सांस्कृतिक जागरूकता और एकजुटता का भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर गई।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...