
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब सगे भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पाटल भी बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 9 फरवरी 2026 को राकेश कुमार निवासी पाबो,पौड़ी ने कोतवाली पौड़ी में लिखित तहरीर देकर अवगत कराया कि 7 फरवरी 2026 की रात्रि उनके भाई कुलदीप सिंह ने छोटे भाई राजेन्द्र सिंह के साथ विवाद के दौरान जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार (पाटल) से सिर पर प्रहार कर दिया। हमले में राजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली पौड़ी में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए,जिससे जांच को मजबूती मिली। सघन तलाश एवं सूचना संकलन के बाद पुलिस टीम ने आरोपी कुलदीप सिंह को फल्दवाड़ी,मदकोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार पाटल भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला,हेड कांस्टेबल सुनील सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।