
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 10 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए गए। साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु जब्त कर दिए गए। अभियान में श्रीनगर में 5,कोटद्वार में 3 और यातायात कोटद्वार में 2 वाहन चालक पकड़े गए। सभी पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्यवाही की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुज कुमार क्षेत्राधिकारी श्रीनगर एवं जयपाल सिंह नेगी प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर ने किया। चेकिंग के दौरान चौकी बाजार,चौकी श्रीकोट और चौकी कलियासौड़ क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने कड़ी निगरानी रखी। सिर्फ ड्रंक एंड ड्राइव ही नहीं,बल्कि अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। 116 वाहन चालकों के विरुद्ध ओवरलोडिंग,रैश ड्राइविंग,बिना हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने सहित विभिन्न नियम उल्लंघनों पर चालान किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद भर में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। चालक गिरफ्तार,10 वाहन सीज,डीएल निरस्तीकरण हेतु जब्त,116 वाहन चालकों पर चालान,मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्यवाही। जनपद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय नशे का सेवन न करें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें। सड़क पर सतर्कता और संयम ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। सुरक्षित यातायात ही जीवन की असली गारंटी है।