
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत पौड़ी पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा,सशक्तिकरण तथा आमजन को कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत महिला थाना श्रीनगर एवं साइबर सेल श्रीनगर द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा देवभूमि पब्लिक स्कूल नकोट श्रीनगर तथा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम,साइबर अपराधों से बचाव,सुरक्षित इंटरनेट उपयोग,यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग,ऑनलाइन ठगी से बचाव,अज्ञात लिंक व कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के बारे में जागरूक किया। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस श्रीनगर द्वारा के.वी.स्कूल श्रीनगर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा का सकारात्मक संदेश व्यापक स्तर पर फैलाना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं,बल्कि जीवन रक्षा का मूल आधार है। पुलिस टीम ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग,निर्धारित गति सीमा का पालन,जेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग,वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि बचपन से ही यातायात नियमों की सही जानकारी दी जाए,तो भविष्य में दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। छात्र-छात्राओं ने भी जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।